शारदीय नवरात्रि पहले दिन सोमवार को सुबह से ही मंदिरों में पूजा करते के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। मंदिरों से दर्शन के बाद घरों में जाकर कलश स्थापित कर मां शैलपुत्री का पूजन किया गया। भक्तों ने माता रानी के दर्शन किए और धूप, नारियल, पुष्प, और प्रसाद चढ़ाकर माता से प्रार्थना की। इसी के साथ जिले भर के मंदिरों में सुबह से शाम तक माता रानी के जयकारे गूंजते रहे। पेच परसराम सेवा मंडल की ओर से मां दुर्गा पूजा महोत्सव का सोमवार को शुभारंभ हुआ। इसी कड़ी में पेच परसराम पुरानी अनाज मंडी से कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा पेच परसराम से अनाज मंडी, अग्रसेन चाैक, रेलवे रोड, भिवानी स्टैंड, मालगोदाम रोड से होते वापस पेच परसराम पहुंच कर कलश यात्रा संपन्न हुई। यहां पूजा अर्चना के बाद माता की प्रतिमा स्थापित की गई। सोमवार सुबह डीपार्क स्थित गुफा वाला मंदिर, दुर्गा भवन मंदिर, बाबा बालक पूरी डेरे, गोकर्ण डेरे, संकट मोचन हनुमान मंदिर, सोनीपत रोड स्थित हनुमान मंदिर समेत जिले के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। वहीं, दुर्गा भवन मंदिर में पहुंचकर श्रद्धालुओं ने नौ देवियों की पूजा की।