महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के खेल परिसर में रविवार से उत्तर क्षेत्रीय अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय टेनिस महिला प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। अध्यक्षता करते हुए एमडीयू के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि एमडीयू ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश को दिए हैं और विश्वविद्यालय खेलों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। टेनिस प्रतियोगिता में 15 जनवरी को संपन्न होगी। एमडीयू स्पोर्ट्स काउंसिल की अध्यक्ष डॉ. राजवंती शर्मा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया, जबकि स्पोर्ट्स काउंसिल की सचिव डॉ. शकुंतला बेनीवाल ने प्रतियोगिताओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए विश्वविद्यालय की उल्लेखनीय खेल उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। सहायक निदेशक खेल डॉ. तेजपाल ने आभार जताया।