रोहतक लघु चिड़ियाघर में नए-नए वन्य जीवों के आने से रौनक बनी हुई है। यहां तेलंगाना से बब्बर शेर (वीरू) के एवज में सफेद बाघिन आई है। करीब 220 किलो वजनी बाघिन को अभी 15 दिन के लिए आइसोलेशन में रखा गया है। अनुकूलित होने के बाद बाघिन को पर्यटकों के लिए एन्क्लोजर में रख दिया जाएगा। वहीं अभी वीरू को तिलियार में ही पर्यटकों से दूर रखा गया है। जल्द यहां से तेलंगाना विदाई की जाएगी। शेर, बाघ और तेंदुआ (बड़ी बिल्ली) की संख्या 15 के पार पहुंच गई है। यहां छोटे बड़े मिलाकर शेरों की संख्या सबसे ज्यादा करीब आठ है। ऐसे ही करीब पांच बाघ और तेंदुआ के परिवार फल-फूल रहे हैं। चिड़ियाघर परिवार में एक सफेद बाघ के जुड़ने से इसे देखने के लिए पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होगी।