रोहतक। स्नातक (यूजी) दाखिले के पहले चरण में फीस जमा करने के अंतिम दिन सोमवार को शहर के सरकारी कॉलेजों में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की खासी भीड़ रही। पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय कॉलेज में बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे और दस्तावेजों की जांच कराने के बाद फीस जमा कराकर दाखिला पक्का कराया। अब 28 जुलाई को दूसरी प्रोविजनल मेरिट सूची और 29 जुलाई को अंतिम मेरिट सूची जारी होगी। दूसरे चरण के चयनित अभ्यर्थी 30 जुलाई से 3 अगस्त तक फीस जमा कर सकेंगे। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि खाली बची सीटों पर अगले चरण में दाखिले किए जाएंगे।