स्पोर्ट्स प्रमोशन क्लब की ओर से रोहतक के किलोई गांव में 38वीं डॉ. रामधन सिंह मेमोरियल बास्केटबॉल (ऑल इंडिया) व 50 किलोग्राम नेशनल स्टाइल कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का समापन 15 दिसंबर को होगा। हुडा खाप के प्रधान ओमप्रकाश हुड्डा व परविंदर दहिया ने शुक्रवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। शनिवार को डाकघर के मुख्य अधिकारी मुख्य अतिथि दिनेश कुमार रहे। एसपीसी किलोई व ग्रीन आर्मी की बास्केटबॉल टीम के बीच मैच हुआ। उन्होंने कहा कि युवा पढ़ाई के साथ खेलों में भी रुचि दिखाएं। खेल गतिविधियों के चलते खिलाड़ी का मानसिक व शारीरिक विकास होता है। इसके अलावा खेलों के जरिए युवा अपना भविष्य भी संवार सकते हैं। सरकार भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दे रही है। इसी कड़ी में उन्हें नौकरी भी दी जाती हैं। डॉ. जनक राज ने कहा कि कबड्डी प्रतियोगिता में रोमांचक मैच हो रहे हैं। स्पर्धा में हिस्सा ले रही विभिन्न टीमों के खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से रोमांचित कर रहे हैं।