रोहतक। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डीएसपी राकेश कुमार ने विद्यार्थियों को जागरूक किया। डीएसपी राकेश ने कहा कि "सूचना, संकेत और आदेश ही जीवन के रक्षक हैं। उन्होंने छात्रों को ट्रैफिक नियमों, आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की मदद लेने और कानून का पालन करने के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में साइबर थाना से सब इंस्पेक्टर कुलबीर ने साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया पर सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने और पासवर्ड गोपनीय रखने की सलाह दी। ट्रैफिक पुलिस से एएसआई राजेश ने सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा का पालन करने पर जोर दिया। रोड सेफ्टी कमेटी के चेयरमैन सुभाष गुप्ता ने कहा कि हमें केवल अपनी ही नहीं, दूसरों की रक्षा के लिए भी हर समय सजग रहना चाहिए। विद्यालय के प्राचार्य सुरेंद्र सिंह शेखावत ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सुरक्षित जीवन के लिए जरूरी हैं। इस दौरान उप प्राचार्य फिरोज खां, शिक्षक हरिओम वर्मा, दीपक व विकास आदि मौजूद रहे।