नगर पालिका कर्मचारी संघ की निगम इकाई के प्रधान व पूर्व प्रधान के बीच सात माह सुलह हो गई है। निगम स्थित कार्यालय में दोनों ने एक-दूसरे से न केवल हाथ मिलाया बल्कि गले मिलकर शिकवे दूर किए। पूर्व प्रधान संजय बिड़लान बोले, शंभू टांक ही कर्मचारियों के अब एकमात्र प्रधान हैं। टांक भी संजय बिड़लान के केस को लेकर निगम आयुक्त से मिले और उनको ड्यूटी ज्वाइन कराने का आग्रह किया। निगम इकाई का 13 फरवरी को चुनाव हुआ था। चुनाव में शंभू टांक ने एक दशक से जमे पूर्व प्रधान संजय बिड़लान को हराकर अप्रत्याशित जीत हासिल की थी। तभी से दोनों पक्षों के बीच तालमेल नहीं था। सफाई कर्मियों का वेतन रोकने पर अगस्त माह के पहले सप्ताह में दोनों पक्षों ने निगम कार्यालय में अधिकारियों के खिलाफ अलग-अलग प्रदर्शन किया था। एक दिन पहले प्रदेश कार्यकारिणी के वरिष्ठ उप प्रधान रमेश तुसांमड, प्रदेश महासचिव मांगेराम तिगरा, प्रदेश वरिष्ठ उप महासचिव सुनील चंदेलिया व प्रदेश संगठनकर्ता राजपाल बहादुरगढ़ रोहतक पहुंचे। दोनों पक्षों के साथ कार्यालय में बैठक की और शिकवे दूर करवाए।