पेपर लीक मामले में सत्ताधारी दल के नेताओं की संलिप्तता है। सरकार अपने चहेतों को बचाने में लगी है। भाजपा पर यह गंभीर आरोप इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप देशवाल ने लगाए हैं। वह सोमवार को मैना टूरिज्म कॉम्प्लेक्स में प्रेसवार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा लीक कांड में भाजपा नेताओं का हाथ है। लगातार सामने आ रहे तथ्य यह दर्शाते हैं कि परीक्षा प्रणाली से छेड़छाड़ में सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों की भूमिका रही है। भाजपा सरकार अपने चहेतों को बचाने के लिए निष्पक्ष जांच से बचने की कोशिश हो रही है। इस मामले की गहनता और निष्पक्षता से जांच करवाई जाए, ताकि असली दोषियों तक पहुंचा जा सके। छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को सजा मिले। उन्होंने कहा कि देशभर के लाखों छात्र मेहनत कर परीक्षा देते हैं। पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह पारदर्शी जांच कराकर विश्वास बहाल करें।