रोहतक। पड़ोस में जन्मदिन पर जाने पर चार साल की बेटी को सड़क पर पटक कर मारने के आरोप में गौरक्षक सेवा दल ने आरोपी पिता यूपी के बरेली निवासी जितेंद्र को पुलिस के हवाले कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करेगी। प्रताप मोहल्ला निवासी रोहित शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे रोहतक गौरक्षक सेवा दल के सदस्य हैं। बुधवार को एक वीडियो वायरल हुई जिसमें एक युवक बच्ची को पहले पीटता है फिर उठाकर सड़क पर पटक देता है। काफी छानबीन की गई तो पता चला कि यह घटना इंदिरा कॉलोनी की है। पुलिस, खुफिया विभाग, गुप्तचार विभाग व गौरक्षक सेवा दल ने छानबीन की तो पता चला कि आरोपी यूपी के बरेली निवासी जितेंद्र है और किराये पर इंदिरा कॉलोनी में रहता है। आरोपी ने बेटी को जान से मारने की नियत से हमला किया। पुलिस ने बाल संरक्षण अधिनियम व जानलेवा हमला करने के आरोप में बरेली निवासी जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।