फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेवाड़ी: बिरयानी दुकान में मारपीट के तीन आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

सुनील कुमार Updated Fri, 10 Jul 2026 11:31 AM IST

संवाद न्यूज एजेंसी रेवाड़ी। झज्जर चौक स्थित एक बिरयानी की दुकान में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में शहर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो डंडे भी बरामद किए गए हैं। शहर थाना पुलिस और सीआईए की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सुभाष नगर निवासी कमल, भीम बस्ती निवासी गजराज और सज्जन कॉलोनी निवासी गोविंद को गिरफ्तार किया है। शहर थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह ने बताया कि यूपी के रामपुर निवासी उस्मान, जो वर्तमान में नई आबादी रेवाड़ी में रहता है, ने शिकायत दी थी कि वह झज्जर चौक स्थित अपने दोस्त खुर्शीद की बिरयानी की दुकान पर काम करता है। आठ जुलाई की शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच पांच-छह युवक दुकान में घुस आए। इनमें दो युवकों के हाथ में डंडे थे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उस्मान के साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे दुकान मालिक खुर्शीद के साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की की और दुकान में रखे बिरयानी के पतीलों को फेंककर नुकसान पहुंचाया। आसपास के लोगों के एकत्र होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी व्यापारी या नागरिक को डराने-धमकाने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें