आगामी नगर निकाय व पंचायती राज उपचुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए रेवाड़ी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के दिशा-निर्देशानुसार शहर थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में व्यापक स्तर पर 'फ्लैग मार्च' निकाला गया। सुरक्षा व्यवस्था और फ्लैग मार्च: पुलिस के इस पैदल मार्च ने शहर के मुख्य बाजारों, व्यस्त चौराहों और विशेष रूप से चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना था। थाना शहर प्रभारी ने स्पष्ट किया कि राज्य चुनाव आयोग की गाइडलाइंस की सख्ती से पालन की जा रही है। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर: चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने वाले या कानून का उल्लंघन करने वाले 'बेड एलिमेंट्स' को विशेष रूप से चिन्हित किया जा रहा है। थाना शहर प्रभारी ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। चुनाव के दौरान संवेदनशील स्थानों और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त नाकेबंदी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सभी शस्त्र लाइसेंस धारकों को अपने हथियार संबंधित थाने या अधिकृत गन हाउस में तुरंत जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की अवहेलना करने वालों के लाइसेंस रद्द करने व नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस उत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए, तो तुरंत पुलिस को डायल 112 पर सूचित करें।