केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने डिनर डिप्लोमेसी पर उपजे विवाद का ठीकरा मीडिया के सिर फोड़ा है। रेवाड़ी के भगवत भक्ति आश्रम में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे राव इंद्रजीत ने कहा कि 12 विधायकों के रात्रि भोज को मीडिया ने राजनीतिक रंग दिया है। रात्रि भोज पर न तो विधायकों से किसी ने कुछ पूछा कि वे भोज पर क्यों गए और न ही सीएम साहब ने मुझसे कुछ कहा। राव इंद्रजीत ने कहा कि नए घर में शिफ्ट होने पर अपने लोगों को भोजन कराना हमारे संस्कारों का हिस्सा है और इसमें कोई राजनीति जैसी बात नहीं है। यह सब मीडिया का आकलन है। मीडिया की तरफ से जब राव से पूछा गया कि क्या आप कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह और अनिल विज को भी डिनर पर बुलाएंगे। इस पर राव ने कहा कि राव नरबीर सिंह और अनिल विज आते हैं तो उनका स्वागत है।