हरियाणा के वाणिज्य उद्योग एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह रेवाड़ी बार एसोसिएशन की ओर से कोर्ट परिसर में आयोजित अभिनंदन समारोह में पहुंचे। इस दौरान मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि रेवाड़ी मेरा अपना जिला है, आज इन्होंने करीब 9 साल बाद बुलाया है। यहां आने की बहुत खुशी है। मेरी दिल की इच्छा है दक्षिणी हरियाणा विशेषकर रेवाड़ी में आईएमटी बने, जल्द एमडी दौरा करेंगे। उसके बाद एक माह के लिए पोर्टल खोला जाएगा। बार एसोसिएशन की मांग पर मंत्री राव नरबीर सिंह ने 25 लाख का अनुदान और नियमानुसार सीएसआर के तहत संगठन को अनुदान दिलवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि एक उद्योग मंत्री होने के नाते उनका लगातार प्रयास है कि हरियाणा के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में नए औद्योगिक सेक्टर विकसित हों। इसी उद्देश्य से उन्होंने रेवाड़ी में एक आईएमटी को मंजूरी दिलवाई है। उन्होंने कहा कि एचएसआईडीसी के एमडी जल्दी ही प्रस्तावित आईएमटी की भूमि के लिए किसानों के साथ एक मीटिंग करेंगे, जिससे कि पर्याप्त जमीन इस परियोजना के लिए मिल सके। उन्होंने अधिवक्ताओं से आग्रह किया कि वे पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के कार्य में सरकार का सहयोग करें। रेवाड़ी बार एसोसिएशन के प्रधान विश्वामित्र यादव ने यह विश्वास दिलाया कि सभी अधिवक्ता प्रदूषण नियंत्रण में अपना सहयोग देंगे और फरवरी से अगस्त माह के बीच तीन हजार से अधिक पेड़ लगाए जाएंगे।