शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से रविवार को रेवाड़ी में मेगा सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी अभिमन्यु राव ने किया। अभियान की शुरुआत अग्रसेन चौक से हुई, जहां से सफाई का सिलसिला मुख्य बाजारों तक पहुंचा। सफाई अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। झाड़ू लगाकर और कूड़ा उठाकर सभी ने नगरवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया। मुख्य बाजार क्षेत्रों में स्वयं अभिमन्यु राव ने लोगों के साथ सफाई कार्य में हाथ बंटाया। इस अवसर पर अभिमन्यु राव ने कहा कि रेवाड़ी को स्वच्छ बनाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है और इसमें सभी का सहयोग बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब व्यापारी और आम नागरिक खुद सफाई में भाग लेंगे, तो निश्चित रूप से इससे समाज में प्रेरणा मिलेगी। राव ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे ताकि रेवाड़ी को स्वच्छ रेवाड़ी के रूप में पहचान दिलाई जा सके।