हरियाणा विधानसभा की पर्यावरण समिति ने शुक्रवार को रेवाड़ी के ऐतिहासिक धरोहरों और सफाई व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव की अध्यक्षता में समिति ने शहर के बड़ा तालाब की बदहाली पर गहरी नाराजगी जताई और प्रशासन को सुधार के लिए 90 दिन का डेडलाइन दिया। निरीक्षण के दौरान समिति ने साफ कर दिया कि धरोहरों के साथ खिलवाड़ और सफाई में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। तालाब की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए तीन महीने का समय तय किया गया है। लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि तीन महीने बाद दोबारा औचक निरीक्षण किया जाएगा और यदि उस समय भी खामियां मिलीं, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके अलावा, समिति ने तालाब की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए मौके पर ही 4 स्थायी सफाई कर्मचारी तैनात करने के आदेश जारी किए।