स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने किसान भवन परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। कोसली व भाकली का आभार व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि यह इलाका केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के लिए रीढ़ की हड्डी की तरह ताकत देता है। शुरु से ही कोसली क्षेत्र ने राव इंद्रजीत सिंह का मजबूती से साथ दिया। उन्होंने कहा कि अटेली के चुनाव में भी उनको कोसली का साथ मिला तथा यहां विधायक अनिल यादव को भारी मतों से जीत दिलवाई, जिसके लिए वह यहां की जनता का आभार व्यक्त करती हैं। इसके बाद नवनियुक्त मार्केट कमेटी चेयरमैन महेश यादव एवं वाइस चेयरमैन दिनेश गोयल के पदभार संभालने के उपलक्ष्य में आयोजित हुए इस समारोह में मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि कोसली विधानसभा क्षेत्र में सब हेल्थ सेंटर, पीएचसी, सीएचसी व बीएचयू की स्थापना के लिए 57 करोड़ की राशि खर्च की जा रही है। भविष्य में चिकित्सा सुविधाओं को और भी विस्तार दिया जाएगा। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की ऐतिहासिक रिकॉर्ड जीत ने यह साबित कर दिया है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर देश को पूरा भरोसा है। इस जीत से भारत की राजनीति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कद और बढ़ा है। हरियाणा में भी तीसरी बार भाजपा की सरकार बनवाने में दक्षिण हरियाणा व कोसली विधानसभा क्षेत्र की जनता का भरपूर योगदान रहा है। स्थानीय विधायक अनिल यादव ने कहा कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की स्पष्ट और ईमानदार कार्यशैली को स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव आगे बढ़ा रही हैं। हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में जनकल्याण की भावना से काम कर रही है।