रेवाड़ी पुलिस को बैट्री चोरी की वारदातों पर बड़ी सफलता मिली है। एसपी हेमेन्द्र कुमार मीणा, आईपीएस के नेतृत्व में चल रहे “होगा हर अपराधी का हिसाब” अभियान के तहत सीआईए धारूहेड़ा पुलिस ने राजस्थान व हरियाणा में 150 से अधिक मामलों में वांछित अंतर्राज्य बैट्री चोरी गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया है। डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिला नूंह के गांव गुवारका निवासी आजाद के रूप में हुई है, जिस पर रेवाड़ी व झज्जर पुलिस ने पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। आरोपी को तावडू के खोरी गांव से गिरफ्तार किया गया। डीएसपी ने बताया कि आरोपी वर्ष 2024 में रेवाड़ी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बैट्री चोरी की 63 से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है। 6 मई 2024 को बावल थाना क्षेत्र के गांव चांदूवास स्थित एक फैक्ट्री में हुई चोरी के मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया जा चुका था। इसी कड़ी में सीआईए धारूहेड़ा ने मुख्य सरगना आजाद को भी दबोच लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हरियाणा व राजस्थान के विभिन्न जिलों में बैट्री चोरी, लूट व डकैती के 150 से अधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें वह कई मामलों में पीओ भी घोषित है। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।