सेक्टर-12 में प्रस्तावित नए बस स्टैंड के निर्माण कार्य का शुभारंभ विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने बुधवार को कर दिया है। रामगढ़ रोड के दक्ष प्रजापति चौक पर 20 एकड़ में बनने वाले भवन पर 39 करोड़ की लागत आएगी, जिसमें एक साथ 18 बसें खड़ी हो सकेंगी। 24 माह की डेडलाइन वाले इस प्रोजेक्ट को 2028 तक पूरा करना होगा। 2013 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में नए बस स्टैंड का शिलान्यास हुआ था जिसका निर्माण कार्य अब 18 फरवरी को शुरू हो पाया है। करीब 20 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस बस अड्डे को तकनीकी रूप से 5 मुख्य ब्लॉक्स में विभाजित किया गया है। इसमें मुख्य भवन दो मंजिला होगा। इसके अलावा बसों की मरम्मत के लिए वर्कशॉप ब्लॉक, तकनीकी जांच के लिए सर्विस पिट, प्रशासनिक कार्यों के लिए यार्ड मास्टर ब्लॉक और एक एनसिलरी शेड बनाया जाएगा। इन अलग-अलग ब्लॉक्स की वजह से बस अड्डे के अंदर बसों का आवागमन और यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह व्यवस्थित रहेगी। बस स्टैंड का निर्माण रामगढ़ रोड पर किया जा रहा है। फिलहाल रामगढ़ रोड पर बस की एंट्री और एग्जिट आउटर सरकुलर रोड पर ही रहेगी। इससे नया बस स्टैंड बनने के बाद भी बसों का हाइवे पर आवागमन दिल्ली रोड से ही रहेगा। रामगढ़ रोड न केवल सीधा हाइवे से जुड़ा है, बल्कि इससे आवागम करने पर दूरी भी आधे से कम है