संवाद न्यूज एजेंसी रेवाड़ी। नीट पेपर लीक और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस ने रेवाड़ी में प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक चिरंजीव राव के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मॉडल टाउन स्थित उनके निवास से बाल भवन तक मार्च निकाला और जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी पहले लघु सचिवालय जाकर ज्ञापन देने वाले थे, लेकिन जिला उपायुक्त के बाल भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में मौजूद होने की जानकारी मिलने पर वहीं पहुंच गए। चिरंजीव राव ने जिला उपायुक्त से बाहर आकर ज्ञापन लेने का आग्रह किया। कुछ देर तक कोई अधिकारी बाहर नहीं आने पर वह अपने समर्थकों के साथ बाल भवन के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। बाद में जिला उपायुक्त बाहर आए और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया। इस दौरान चिरंजीव राव ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के बार-बार पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र अपने अधिकारों की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हैं तो उनके साथ सख्ती बरती जाती है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही कहा कि शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय कर पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जानी चाहिए। चिरंजीव राव ने राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़े कथित गबन के मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं और छात्रों के मुद्दों को लेकर सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखेगी। यदि सरकार ने इन मुद्दों पर ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।