रेवाड़ी से भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हादसे में परिजनों को खोने वाले परिवार के साथ सरकार खड़ी है। उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों को नसीहत देते हुए कहा कि रेवाड़ी को नरक बनाने वालों को अब बदलते हुए रेवाड़ी को देखना होगा। उन्होंने कहा कि 15 जून को राव तुलाराम स्टेडियम में होने वाली धन्यवाद रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्ति शिरकत करेंगे। विधायक यादव ने कहा कि उनकी सरकार ने आठ माह में रेवाड़ी में करोड़ों रुपये के विकास कार्य कराए हैं और आगे भी विकास के कार्य जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री से रेवाड़ी में आईआईटी खोलने की मांग करेंगे और विभिन्न गांवों में पानी की किल्लत को समाप्त करने के लिए जलघर बनाए जाएंगे। इसके अलावा, उन्होंने लिसाना गांव में महाविद्यालय बनाने और विधानसभा में क्षेत्र की मांग उठाने की बात कही। विधायक यादव ने कहा कि उनकी सरकार विकास के कार्यों को जारी रखेगी और विपक्ष को विकास को हजम करना सीखना होगा।