यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर मंगलवार को देशभर के सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों में 5 दिवसीय बैंक कार्य सप्ताह की मांग को लेकर एक दिवसीय हड़ताल आयोजित की गई। इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल का व्यापक असर रेवाड़ी जिले में भी देखने को मिला, जहां सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों की शाखाएं पूरी तरह बंद रहीं। बैंक बंद रहने से आमजन के साथ-साथ व्यापारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बैंकिंग सेवाएं बंद रहने के चलते नकद लेन-देन, चेक क्लियरेंस, ड्राफ्ट, आरटीजीएस, एनईएफटी, ऋण से संबंधित कार्य और अन्य जरूरी बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह बाधित रहीं। कई ग्राहकों को बैंक शाखाओं के बाहर ताले लटके मिलने से निराश होकर लौटना पड़ा। बैंकिंग सेवाओं के चरमराने का सीधा असर व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ा। व्यापारियों का कहना है कि भुगतान अटकने से बाजार में नकदी संकट की स्थिति बनी रही, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ। वहीं आम नागरिकों को भी पेंशन, वेतन, बिल भुगतान और अन्य जरूरी बैंकिंग कार्यों में परेशानी झेलनी पड़ी। हड़ताल के चलते जिलेभर में आर्थिक सुस्ती का माहौल बना रहा।