मॉडल टाउन थाना क्षेत्र की पूजा विहार कॉलोनी में मंगलवार रात सिर में डंडा मारकर शिवकुमार 32 की हत्या कर दी गई। पड़ोसी साहिल ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शिवकुमार अपने दो बच्चों के साथ घर में रह रहा था, जबकि उसकी पत्नी मुम्बई में नौकरी करती है। रात के समय एक युवक घर में घुस आया और शिवकुमार के साथ मारपीट करने लगा। घटना के दौरान मौजूद बच्चों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बुधवार सुबह घायल शिवकुमार को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां किरण बाला ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाला साहिल ने करीब 20 दिन पहले शिवकुमार से झगड़ा किया था। पुलिस ने साहिल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।