फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सावन के तीसरे रविवार को पानीपत के शिवालयों में की पूजा, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

पवित्र सावन माह के तीसरे रविवार को औद्योगिक नगरी पानीपत के प्रमुख मंदिरों और शिवालयों में श्रद्धालुओं ने पूजा पाठ की। तड़के करीब पांच बजे से ही शिवभक्तों ने मंदिरों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक कर विधिवत पूजन और भव्य आरती की। मंदिरों में दिनभर 'हर-हर महादेव' और 'जय शिव शंभू' के जयकारे गूंजते रहे। शहर के प्रसिद्ध श्री देवी मंदिर, सिद्धपीठ प्राचीन गुफा वाला मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर, श्री राधा कृष्ण मंदिर दत्ता कॉलोनी, सनातन धर्म मंदिर मॉडल टाउन में सुबह से ही भक्तों ने पूजा की। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, भांग, फल और पुष्प अर्पित कर शिव शंभू से सुख-समृद्धि की कामना की। कई स्थानों पर महाआरती के बाद विशाल भंडारों का आयोजन भी किया गया, जहां भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। श्री राधा कृष्ण मंदिर दत्ता कॉलोनी के मुख्य पुजारी आचार्य भगवत शर्मा ने सावन मास में रविवार के दिन शिव पूजन के विशेष महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सावन का हर दिन भगवान शिव की कृपा पाने के लिए उत्तम है, लेकिन रविवार को सूर्य देव की ऊर्जा और महादेव की साधना का दुर्लभ संयोग बनता है। इस दिन भक्तिभाव से किया गया जलाभिषेक और आरती व्यक्ति के आरोग्य, मान-सम्मान और पारिवारिक शांति में वृद्धि करती है। संध्या समय मंदिरों को आकर्षक दीपों और फूलों से सजाया गया। विशेष महाआरती के दौरान डमरू और घंटी-घड़ियालों की ध्वनि से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। कल सावन का तीसरा सोमवार है इसको लेकर मंदिरों में दिनभर तैयारी रहेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें