मौसम ने पश्चिमी विक्षोभ के चलते रविवार सुबह एक बार फिर करवट ली। तड़के ही हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसके साथ तेज हवा शुरू हो गई । अधिकतम तापमान में भी करीब दो डिग्री की कमी दर्ज की गई है। पिछले तीन दिन से आसमान में हल्के से मध्य बादल छाए हुए थे। रविवार को तड़के बादल और गहरा गए। इसके साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। हवा के साथ बूंदाबांदी के चलते सरसों उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसान रणबीर और कर्मवीर ने बताया कि इस समय सरसों की फसल पकाई पर है। बारिश होने पर सरसों की फसल झड़ सकती है। वहीं गेहूं उत्पादक किसानों ने अभी राहत ली है। बढ़ते तापमान के चलते उत्पादन घटने का खतरा बना हुआ था। कृषि विज्ञान केंद्र ऊझा के मौसम विशेषज्ञ आशीष कुमार ने बताया कि पश्चिम विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव हुआ है।