आयुष्मान कॉर्डधारक मरीजों को गुरुवार को निजी अस्पतालों में उपचार के लिए परेशानी उठानी पड़ सकती है। अस्पतालों का भुगतान न होने के कारण आईएमए के चिकित्सकों ने आयुष्मान कार्ड पर मरीजों का उपचार करने पर रोक लगा दी है। उनका कहना है कि बुधवार रात को 12 बजे के बाद कोई भी अस्पताल आयुष्मान कार्ड पर मरीज का उपचार नहीं करेगा। बुधवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) से जुड़े अस्पतालों के चिकित्सकों का एक प्रतिनिधिडल सीएमओ से मिला। उन्होंने सीएमओ डॉ. विजय मलिक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। आईएमए के पदाधिकारियों का कहना है कि सरकार ने गरीबों के लिए आयुष्मान कार्ड की योजना शुरू की थी। शुरुआत में यह योजना अच्छे से काम करती रही। लेकिन, धीरे-धीरे योजना के लाभार्थियों की संख्या बढ़ा दी गई।