थाना मॉडल टाउन क्षेत्र के विराट नगर में शुक्रवार देर रात चौकीदार की एक कार सवार युवती से बहस हो गई। युवती ने चौकीदार को देख लेने की धमकी दी। करीब आधे घंटे के बाद बाइक पर आए तीन हमलावरों ने डंडों से बुजुर्ग चौकीदार की पिटाई कर दी। हमलावर युवक ने डंडे से चौकीदार पर सात वार किए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे के कैद हो गई। पुलिस ने युवती और तीन हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संजय कॉलोनी निवासी राजा ने मॉडल टाउन थाने में शिकायत देकर बताया कि वह विराट नगर फेस-2 में गली नंबर सात-आठ में चौकीदारी करते हैं। शुक्रवार रात को करीब 12 बजकर 40 मिनट पर एक ब्रेजा कार वहां आकर रूकी। जिसमें से युवती परी उतरी और उनके साथ बहस करने लगी। कुछ दिन पहले भी परी ने उनके साथ बहस की थी। इसके बाद वह धमकी देकर वहां से चली गई। युवती के जाने के करीब आधा घंटे बाद वहां पर एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक आए। दो युवक मोटरसाइकिल पर बैठे रहे और एक युवक डंडा लेकर उनके पीछे दौड़ा। युवक ने डंडों से उस पर सात-आठ वार किए और वहां से भाग गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उधर, सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची और मामले की जांच की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवती और तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान की जा रही है। मॉडल टाउन थाना प्रभारी जगमिंद्र सिंह ने बताया कि हमलावरों की पहचान की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।