पुराना औद्योगिक क्षेत्र के साथ लगती इंदिरा विहार कॉलोनी में दो मकानों को बुलडोजर चला तोड़ दिया गया। यहां से करीब 70 करोड़ की लागत से पुराना औद्योगिक क्षेत्र से जीटी रोड को जोड़ने के लिए ओवरब्रिज बनाया जाना है। दोनों मकान मालिकों को वक्फ बोर्ड ने गत दिनों नोटिस दिया था। वीरवार को कब्जा हटाने गए अधिकारियों को परिवार ने मकान को लेकर अपने कागज भी दिखाए और नेताओं तक गुहार लगाई। इन सबके बीच प्रशासन ने शाम तक की कार्रवाई में दोनों मकानों को हटाकर जमीन कब्जा मुक्त करा दिया। परिवार के सदस्यों का सर्दी के मौसम बेघर होने पर रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने कहा कि वे विभाजन के समय पाकिस्तान से भारत आए थे। अब उनके साथ यहां भी पाकिस्तान जैसा कर दिया। वे अब कहां जाएं। वहीं नेताओं के मदद के लिए न आने पर परिवार ने अपना दुख जताया।