सोमवार को बदरा जमकर बरसे। शहर से लेकर गांवों तक तेज बारिश हुई। बारिश के बाद खेतों में पानी जमा होने पर धान उत्पादक किसानों ने राहत ली। सबसे अधिक पानीपत शहर में 15 एमएम बारिश दर्ज की। मौसम विशेषज्ञों ने अगले 24 घंंटे बारिश का अनुमान जताया है। सोमवार सुबह एक साथ मौसम बदल गया। आसमान में घने बादल छा आए और गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। सुबह साढ़े आठ बजे तेज बारिश शुरू हो गई। यह करीब एक घंटे तक चली। शहर समेत गांवों में भी कई जगहों पर जलभराव बन गया। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, खेतों में पानी आने के बाद धान उत्पादक किसानों ने राहत की सांस ली। परढाना गांव के रिंकू और अजमेर ने बताया कि धान के खेत में ट्यूबवेल का पानी नहीं रुक रहा था। बारिश आने के बाद खेतों में पानी रुक गया। इससे धान की बढ़वार तेज होगी। कृषि विज्ञान केंद्र उझा के मौसम विशेषज्ञ डॉ. आशीष कुमार ने बताया कि सोमवार को दिन में बादल छाए रहेंगे। मंगलवार को सुबह से बारिश हो सकती है।