नर्सिंग ऑफिसर ने सरकार से महिला आयोग की अध्यक्ष रेणू भाटिया का इस्तीफा मंजूर करने की मांग उठाई है। यूनियन साथ ही रेणू भाटिया से अब भी नर्सिंग ऑफिसर को अपनी कही बातों पर माफी मांगने की मांग पर टिकी है। यूनियन ने साथ ही हड़ताल पर वापस ले ली है। इसे नर्सिंग ऑफिसर की एकजुटता की जीत बताया है। नर्सिंग एसोसिएशन पानीपत के बैनर तले जिलेभर की नर्सिंग ऑफिसर बुधवार को दूसरे दिन जिला नागरिक अस्पताल एकजुट हुई। प्रधान सुमन पोरिया ने कहा कि महिला आयोग की अध्यक्ष रेणू भाटिया ने कुरुक्षेत्र में जांच के नाम पर नर्सिंग ऑफिसर के साथ बदसलूकी और उनकाे उल्टी सीधी बात बोली थी। वे मीडिया और सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए ऐसा कुछ बोल रही थी। पूरे प्रदेश की नर्सिंग ऑफिसर एक हैं और अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा है। सरकार को उनका इस्तीफा तुरंत प्रभाव से मंजूर करना चाहिए। एसोसिएशन के सलाहकार मोहित ने कहा कि पूरे प्रदेश का नर्सिंग ऑफिसर अपनी मांगों के लिए पहली बार एकजुट होकर आगे आया है। महिला आयोग की अध्यक्ष ने उनके ऊपर बड़ा कलंक लगाया है। उनको सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उनको रविवार की बजाय कामकाज के दिन जांच करने आना चाहिए था। उनको अस्पताल में बाकी लोगों के भी काम का पता चलता।