पानीपत जिले में बीते दो दिनों से धुंध लगातार गहराई हुई है। देर रात और सुबह के समय धुंध अधिक पड़ रही है। ऐसे में सुबह के समय सड़कों पर कुछ भी नजर नहीं आता। सड़कों पर भी सफेद पट्टी नहीं होने से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। सोमवार तड़के धुंध के चलते दृश्यता शून्य रही। इसके बाद हवा चलने पर कुछ राहत महसूस हुई। जिले में रविवार को तेज धुंध पड़ना शुरू हुई थी। सोमवार तड़के धुंध ने अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया। पांच बजे ही धुंध तेज हो गई। सड़कों पर सामने कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। ऐसे में वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार को हवा 13 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली। इसके बाद धुंध छटने पर लोगों ने राहत की सांस ली। सोमवार को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र उझा के मौसम विशेषज्ञ डॉ. आशीष कुमार ने बताया कि अगले कई दिनों तक धुंध छाई रहेगी।