पानीपत में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धा को प्रेम में बदलकर मर्यादा और खुद पर विश्वास कर पढ़ाई करने के मूल मंत्र दिए। उन्होंने मंच से साफ कहा कि प्रतिस्पर्धा से द्वेष की भावना बढ़ती है और कई बार युवा शॉर्ट कट को अपनाते हैं। उनको लक्ष्य साधकर आगे बढ़ना चाहिए। युवाओं को दोस्तों की बजाय अपने माता-पिता और भाई-बहन से अपनी बात सांझा जरूर करनी चाहिए। उन्होंने ये बात शुक्रवार को आर्य पीजी कॉलेज में सम्मान समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि वे यहां बतौर शिक्षा मंत्री नहीं बल्कि एक पूर्व छात्र के नाते भी बोल रहे हैं। आर्य कॉलेज प्रबंधक समिति के प्रधान सुरेंद्र शिंगला, उपप्रधान यशपाल मित्तल, महासचिव सीए कमल किशोर, कोषाध्यक्ष पीयूष आर्य, वरिष्ठ सदस्य विरेंद्र शिंगला, अरुण आर्य व कॉलेज प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने शिक्षा मंत्री काे सम्मानित किया। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा इस कॉलेज से अच्छी शिक्षा ही नहीं बल्कि अच्छे संस्कार भी मिले हैं। उन्होंने कहा कि उनके यहां तक पहुंचने में उनके परिवार और शिक्षकों बड़ा योगदान है। शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से तीन आह्वान किए। उन्होंने कहा कि पहला अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें। इसको पाने के लिए कड़ी मेहनत के साथ खुद पर भरोसा रखें। दूसरा युवाओं को अपने भविष्य को निर्धारित करने से पहले अपने माता-पिता, भाई-बहन और शिक्षकों से जरूर बात करनी चाहिए। अपनी दिनचर्या में अपने परिवार से जरूर वार्तालाप करनी चाहिए और हमेशा अपने परिवार का मान-सम्मान बढ़ाना चाहिए। युवाओं को अपनी मर्यादा को भी ध्यान में रखना चाहिए। तीसरे आह्वान युवाओं को प्रतिस्पर्धा किए बिना ही अपनी मंजिल की तरफ बढ़ना चाहिए। प्रतिस्पर्धा हमेशा द्वेष की भावना को बढ़ावा देती है। हमें प्रतिस्पर्धा को प्रेम में बदलने पर जोर देना चाहिए। कॉलेज की प्रबंधक समिति के वरिष्ठ सदस्य विरेंद्र शिंगला ने शिक्षा मंत्री के साथ शहर व गांव से आए सभी अतिथियों व बुद्धिजीवियों का स्वागत किया। मंच संचालन हिंदी विभाग के प्राध्यापक प्रो. विजय सिंह ने किया। प्रबंधक समिति के प्रधान सुरेंद्र शिंगला ने कहा कि उनको पूरी उम्मीद है कि शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा अपनी जिम्मेदारी को पूरी मेहनत व लगन के साथ निभाएंगे। प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा आर्य कॉलेज के पूर्व छात्र रहे हैं। जो पूरे आर्य कॉलेज परिवार के लिए खुशी का विषय है। उन्होंने बताया कि महिपाल ढांडा कॉलेज के समय से ही शानदार वक्ता रहे हैं। आर्य कॉलेज के विद्यार्थी आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। इस अवसर पर उप प्राचार्या डॉ. अनुराधा सिंह, डॉ. सतबीर सिंह, डॉ. मधु गाबा, डॉ. गीताजंली धवन, समाजसेवी अनूप गर्ग, लोकेश नांगरू, अतुल मित्तल, विनोद धमीजा, सुधीर जिंदल, नरेश गर्ग, केडी गुप्ता व टीपी गोयल मौजूद रहे।