पानीपत। जिला सचिवालय में सोमवार को जनता समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 12 लोगों ने अपनी फरियाद रखी। इनमें नया कनेक्शन, प्लॉट की निशानदेही और विदेश भेजने के नाम पर ठगी की शिकायत प्रमुख रहीं। उपायुक्त हरीश कुमार वशिष्ठ ने संबंधित अधिकारियों को समस्या समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि लोगों को समस्या समाधान के लिए चक्कर न काटने की हिदायत दी। जनता समाधान शिविर सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक चला। अमरजीत कौर ने बिजली का नया कनेक्शन दिलाने और प्रेमपाल ने अत्यधिक बिजली बिल में संशोधन करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिजली बिल अधिक आया हुआ है। इसे ठीक नहीं किया जा रहा है। जौरासी निवासी राजपाल ने भूमिहीन प्लॉटधारकों के प्लॉटों की निशानदेही करवाने की मांग रखी। नांगल खेड़ी की ज्योति ने विदेश भेजने के नाम पर हुई ठगी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। यशपाल ने अपने बूथ में हुई चोरी के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुखदेव ने दिव्यांग पेंशन बनवाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि प्रत्येक विभाग पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करें और शिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहें। अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि जनता समाधान शिविर का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि निर्धारित समयसीमा में उसका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिले। एएसपी हर्षित गोयल ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों पर कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना और पीडि़तों को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि धोखाधड़ी, चोरी, साइबर अपराध तथा अन्य आपराधिक मामलों में दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें ताकि एक ही छत के नीचे लोगों को त्वरित न्याय मिल सके।