पानीपत के बाबरपुर गांव में कॉमन सर्विस सेंटर की संचालिका की गर्दन पर छुरी अड़ा कर 26700 रुपये लूटने के दोनों आरोपियों को सीआईए वन ने बुधवार रात को पेप्पी पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया है। इनसे वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व 25 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपियों ने शराब पीने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद जेल भेज दिया है। सीआईए वन प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि 13 जनवरी को बाबरपुर गांव निवासी रजनी ने सदर पुलिस थाना में शिकायत देकर बताया था कि उसका गांव में ही कॉमन सर्विस सेंटर है। वह सोमवार सुबह अपने सेंटर पर आई थी। लंच के बाद उसने सेंटर खोला था। शाम करीबन चार बजे उनके गांव का ही सन्नी व कचरौली गांव का शक्ति आया था। इन्होंने उसे कहा कि उन्हें किसी के पैसे निकलवाने है। उसने उन्हें कहा कि जिसके पैसे निकलवाने है उसको साथ लाना होगा। इस वक्त सेंटर पर कई उपभोक्ता खड़े थे।इसके बाद वह चले गए। शाम करीबन पांच बजे सेंटर पर पांच उपभोक्ता थे।इनके बाहर आते ही सन्नी व शक्ति दोबारा सेंटर में आ गए। इन्होंने उसकी गर्दन पर छुरी अड़ा दी और कहा कि जितने भी पैसे रखे हैं चुपचाप दे दो। वह घबरा गई। उसने गल्ले से 80 हजार रुपये निकालकर उन्हें दे दिए। वह वारदात को अंजाम देकर अपनी मोटरसाइकिल पर फरार हो गए थे। पुलिस जांच में लूटी गई राशि 26700 रुपये मिली। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 13 जनवरी को उन दोनों ने दिन में शराब पी थी। शराब पीने के लिए उनके पास पैसे नहीं बचे थे। इसलिए उन्होंने लूटपाट की यह साजिश रची थी।