खालसा प्रचार गुरुद्वारा संत भवन इसराना साहिब में मंगलवार को बैसाखी पर्व धूमधाम से मनाया। इसमें रागी जत्थों व दाढ़ी जत्थों ने गुरबाणी, शबद कीर्तन व सिख इतिहास की गाथाओं से संगत को निहाल किया। समागम में प्रदेश समेत अन्य प्रदेशों से भी संगत पहुंची। डीडीपीओ राजेश शर्मा व थाना प्रभारी महिपाल सिंह को संत बाबा राजेन्द्र सिंह खालसा ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। संत बाबा राजेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि इस दिन को बैसाखी के साथ खालसा साजना दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। गुरु गोबिंद सिंह ने इसी दिन पांच प्यारो को अमृत चखा कर सिख से सिंह बनाया था और सिंह व कौर की उपाधि प्रदान की थी। संत बाबा राजिंदर सिंह खालसा ने कहा कि सिमरन करो व नशे से दूर रहो। गुरुओं के बताए रास्ते पर चल कर ही मानव का कल्याण हो सकता है। कार्यक्रम में कीर्तनी जत्था बटाला से डॉ. गुरविंदर सिंह, खरड़ से भाई कुलविंदर सिंह व दाढ़ी जत्था गुरमेल सिंह ने शब्द कीर्तन किया। बाबा फतेह सिंह एकेडमी के छात्रों ने गुरबाणी, शब्द कीर्तन के साथ सिख इतिहास बताया। गुरुद्वारा में पूरा दिन अटूट लंगर बरताया गया।