पंचकूला जिला बार एसोसिएशन पंचकूला ने एक अधिवक्ता के साथ कथित अभद्र व्यवहार और धमकी दिए जाने की घटना के विरोध में सोमवार को न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। बार एसोसिएशन की ओर से जिला अदालत परिसर में नोटिस जारी कर सभी अधिवक्ताओं से एक दिन के लिए कामकाज से दूर रहने की अपील की गई। जानकारी के अनुसार, बार एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि अदालत परिसर में एक अधिवक्ता के साथ मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में पुलिस को शिकायत दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर अधिवक्ताओं में रोष है। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि शिकायत पर कार्रवाई के बजाय अधिवक्ताओं के खिलाफ ही झूठा मामला दर्ज किया गया, जिसकी बार ने कड़ी निंदा की है। बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी की आपात बैठक में सर्वसम्मति से 27 जुलाई को 'वर्क सस्पेंडेड डे' मनाने का निर्णय लिया गया। सभी अधिवक्ताओं से न्यायिक कार्य का बहिष्कार करने तथा न्यायिक अधिकारियों से भी अधिवक्ताओं की अनुपस्थिति को देखते हुए सहयोग की अपील की गई।