पंचकूला सेक्टर-1 स्थित जिला अदालत परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह 8 बजे से पहले ही सैकड़ों लोग अपने मामलों के निपटारे के लिए अदालत परिसर पहुंचने लगे। कई लोग लाइनों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला की ओर से आयोजित इस लोक अदालत में ट्रैफिक चालान, बैंक ऋण और विभिन्न प्रकार के मामलों के आपसी समझौते के आधार पर निपटारे किए जा रहे हैं। अदालत परिसर में सुबह से ही लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। अपने केस जल्दी लगवाने और औपचारिकताएं पूरी करने के लिए लोग निर्धारित समय से पहले पहुंच गए। अदालत के गेट के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोक अदालत में पहुंचे लोगों का कहना है कि यहां मामलों का समाधान जल्दी और कम खर्च में हो जाता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होती है। वहीं प्रशासन की ओर से भी लोगों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क और आवश्यक व्यवस्था की गई है।