पलवल। जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बुधवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में मॉक ड्रिल की। इस दौरान कॉलेज पर हमले की काल्पनिक स्थिति को आधार बनाकर सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन और एसडीएम भूपेंद्र सिंह की देखरेख में आयोजित इस अभ्यास के माध्यम से विभिन्न विभागों की आपदा से निपटने की तैयारियों, समन्वय क्षमता और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का व्यापक परीक्षण किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान भवन पर हमले की काल्पनिक स्थिति तैयार कर सायरन बजाकर आपातकाल की सूचना दी गई। इसके बाद संबंधित एजेंसियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया, घायलों का रेस्क्यू किया, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और अग्निशमन एवं राहत कार्यों का प्रदर्शन किया। इस दौरान सायरन प्रणाली, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इमरजेंसी एक्शन प्लान, इमरजेंसी रिस्पांस प्लान, संचार व्यवस्था, चिकित्सा सहायता और फायर एवं रेस्क्यू सेवाओं की कार्यक्षमता का भी परीक्षण किया गया।