पलवल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21 वीं किस्त जारी की। इस बार देशभर के किसानों को कुल 18 हजार करोड़ रुपये की सम्मान राशि उनके खातों में सीधे हस्तांतरित की गई। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पलवल में स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम से कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े। सीएम नायब सिंह सैनी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस किस्त में हरियाणा के 15 लाख 82 हजार किसानों को लाभ मिला है। राज्य के इन किसानों के खातों में सम्मान राशि सीधे भेजी गई है। पलवल जिले के 74 हजार 299 किसानों को 14 करोड़ 86 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई है। सीएम ने बताया कि पीएम सम्मान निधि योजना के तहत अब तक जारी कुल 21 किस्तों के माध्यम से प्रदेश के किसानों को 7 हजार 233 करोड़ 74 लाख रुपए की राशि दी जा चुकी है।