अगर हिम्मत है तो हर असंभव कार्य को भी आसानी से किया जा सकता है। इसमें उम्र भी आड़े हाथ नहीं आती है। ऐसा ही कोटपुतली के ढाणी दौलत सिंह निवासी पूर्व प्रोफेसर श्रद्धा चौहान ने अपने 80 वें जन्मदिन पर नारनौल की बाछौद हवाई पट्टी पर स्काइडाइविंग कर इतिहास रच दिया। इतना ही नहीं उनके बेटे ब्रिगेडियर सौरभ सिंह का कहना है कि देश में 80 साल की उनकी मां पहली महिला है, जिन्हाेंने 10 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाई है। महिला के बेटे ब्रिगेडियर सौरभ सिंह ने बताया कि उसकी मां ने उनसे पूछा था कि क्या वह भी स्काइडाइविंग कर सकती है। अभी एक जुलाई को उनका जन्मदिन था, इस पर उन्होंने यह करने की बात कहीं। उन्होंने पहली बार में दस हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाई। उन्होंने कहा कि वह सैनिक की मां है तो इतना साहस है। बता दें कि प्रोफेसर सेवानिवृति के बाद गांव की सरपंच भी रह चुकी है। वह अभी भी समाज सेवा में जुटी हुई है। स्काइडाइविंग करने से पहले श्रद्धा चौहान ने कहा कि बचपन से तमन्ना थी कि हम भी आकाश में उड़े। आज वह इच्छा उनके बेटे ने पूरी कर दी है।