शहर थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एचएसएनसीबी यूनिट रेवाड़ी की टीम ने मंगलवार देर रात मनोज उर्फ गुंगा और संजय कुमार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1920 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार एएसआई सुरेश कुमार अपनी टीम के साथ मंगलवार शाम हीरो होंडा चौक के पास मौजूद थे। इसी दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि दो युवक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सिघाना (राजस्थान) की ओर से नशीली गोलियां लेकर नारनौल आ रहे हैं। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत नारनौल-सिघाना रोड पर जेठू बाबा सर्विस स्टेशन के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद संदिग्ध बाइक को रोककर जांच की गई। बाइक सवारों की पहचान मनोज शर्मा उर्फ गुंगा निवासी बास मोहल्ला नारनौल और संजय कुमार निवासी निहालपुरा, कोटपुतली-बहरोड़ (राजस्थान) के रूप में हुई। पुलिस ने नियमानुसार दोनों को धारा 50 एनडीपीएस एक्ट के तहत नोटिस दिया और उनकी सहमति पर राजपत्रित अधिकारी नायब तहसीलदार लच्छीराम को मौके पर बुलाया गया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर बाइक पर रखे बैग से 8 डिब्बों में भरे ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए। प्रत्येक डिब्बे में 10-10 स्ट्रिप थीं और कुल 80 स्ट्रिप में 1920 कैप्सूल पाए गए। पुलिस के अनुसार इनका कुल वजन करीब 1 किलो 8 ग्राम है। पुलिस ने नशीले पदार्थ और बाइक को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ धारा 22सी, 61, 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।