जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीआईए महेंद्रगढ़ टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सतनाली क्षेत्र के सतनाली बास गांव के पास गश्त के दौरान एक कैंटर से भारी मात्रा में चूरापोस्त (भुक्की) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद चूरापोस्त का वजन करीब 44 किलो 840 ग्राम बताया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविंद्र और मनोज निवासी नौगांवा जिला झज्जर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सीआईए टीम सतनाली-बास क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में चूरापोस्त बरामद हुआ।मामले की कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अजय कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रविंद्र पर पहले से दो मामले दर्ज हैं, जिनमें एक एनडीपीएस एक्ट से संबंधित है। वहीं आरोपी मनोज के खिलाफ भी पहले से तीन मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की पूछताछ के लिए रिमांड मांगा जा सकता है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।