शहर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान यानी डायट में वीरवार को अंग्रेजी विषय के शिक्षकों के प्रशिक्षण का समापन किया गया। इसमें शिक्षकों से तीन दिवसीय प्रशिक्षण के बारे में प्रतिक्रिया ली गई और टेस्ट के माध्यम से उनके अर्जित ज्ञान का परीक्षण किया गया। बता दें कि डायट में तीन दिन से जिला के अंग्रेजी विषय के 100 पीजीटी शिक्षकों का प्रशिक्षण चल रहा है। इसमें शिक्षकों को भाषा और कौशल विकास पर आधारित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वीरवार को सभी शिक्षकों के असाइनमेंट जांच किए गए और उनकी समीक्षा की गई। मास्टर ट्रेनर के तौर पर पांच शिक्षकों की तैनाती रही जबकि कार्यक्रम में डायट सुपरिडेंट बाबूलाल यादव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण का आयोजन हुआ। अंतिम दिन बाबूलाल यादव ने सभी कक्षाओं में जाकर निरीक्षण किया और शिक्षकों से प्रतिक्रिया ली। अंग्रेजी को-ऑर्डिनेटर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शिक्षकों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से रूबरू कराया गया है। शिक्षा नीति 2020 के तहत शिक्षकों को पढ़ने, लिखने और सिखाने के नए तरीकों से अवगत कराया गया। इसमें शिक्षकों से क्विज के माध्यम से प्रशिक्षण में बताए गए तरीके और भाषा कौशल की जानकारी ली गई। कार्यक्रम में एआई की जानकारी दी गई और उसके उपयोग से किस प्रकार विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर ऊपर लाया जा सकता है, इस पर चर्चा की। इस दौरान डॉ. संयोगिता यादव, डॉ. विधि यादव, डॉ. प्रदीप यादव, राजेश जाखड़, रत्नलाल वर्मा, पवन कुमार, महेश, विरेंद्र यादव, अरुण कुमार आदि मास्टर ट्रेनर मौजूद रहे। विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में आगे लाना ही हमारा प्रयास है। इसके लिए एससीईआरटी की ओर समयानुसार कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। अब इस प्रशिक्षण का असर अगले सप्ताह मिलना शुरू हो जाएगा। -सुनील दत्त, डीईईओ व डायट प्राचार्य, महेंद्रगढ़।