नारनौल में महावीर चौक पर रोडवेज बस ने बाइक सवार जैलाफ निवासी कर्मवीर को टक्कर मार दी जिससे बाइक बस के टायर के नीचे फंस गई। हालांकि बाइक चालक बाल बाल बच गया। उसे हल्की चोट लगी है। बाइक सवार पार्क गली में कपड़े खरीदकर अपने घर जा रहा था। घटना वीरवार दोपहर करीब एक बजे की है। मिली जानकारी के अनुसार रोडवेज बस नारनौल डिपो से दादरी जा रही थी। हादसे के बाद लोगों ने जाम लगा दिया। आधे घंटे तक जाम लगा रहने से बस स्टैंड तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। घायल कर्मवीर के भाई ने रोडवेज बस चालक पर लापरवाही से चलाने का आरोप लगाया है। घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने पर बाइक को रोडवेज के नीचे से निकाला गया और जाम को खुलवाया। इस बीच घायल कर्मवीर एक बार फिर बस के आगे लेट गया और प्रशासन पर देरी से आने का आरोप लगाया। पुलिस ने कर्मवीर को समझा कर जाम खुलवाया और घायल को अस्पताल में लेकर गए।