गर्मियों की छुट्टियों में बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 52 जोड़ी रेलसेवाओं में विभिन्न श्रेणियों के 132 अतिरिक्त डिब्बे अस्थायी रूप से जोड़ने की घोषणा की है। इससे लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और यात्रियों को राहत मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि जून माह में विभिन्न ट्रेनों में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। दिल्ली, जयपुर, जोधपुर, अजमेर, बीकानेर, हिसार, श्रीगंगानगर, रेवाड़ी और भिवानी रूट की कई प्रमुख ट्रेनों को इस योजना में शामिल किया गया है। रेलवे के अनुसार लालगढ़-दिल्ली सराय, दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी, जयपुर-जोधपुर, अजमेर-अमृतसर, जोधपुर-वाराणसी सिटी, भगत की कोठी-दादर, जैसलमेर-साबरमती, बीकानेर-बांद्रा टर्मिनस, हिसार-तिरूपति, श्रीगंगानगर-पुरी और जोधपुर-दिल्ली जैसी ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। वहीं रेवाड़ी-फुलेरा, रेवाड़ी-हिसार, जयपुर-रेवाड़ी तथा भिवानी-कालका जैसी क्षेत्रीय रेलसेवाओं में सामान्य श्रेणी के अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त डिब्बों से यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और त्योहार व छुट्टियों के दौरान होने वाली भीड़ पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।