जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग कार्यालय में सोमवार को ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान कर्मचारियों ने हंगामे के दौरान उपमंडल अधिकारी का भी घेराव किया। जल्द मांगें नहीं मानने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी। धरना- प्रदर्शन सुबह 10 बजे शुरू कर दिया गया। जिला प्रधान सुभाष यादव व ब्रांच प्रधान सुरेंद्र फौजी ने बताया कि सोमवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी कार्यालय में कार्यकारी अभियंता व तीनों उप मंडल अभियंताओं के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कार्यकारी अभियंता अमित जैन के बुलावे पर दोनों उपमंडल अभियंता के साथ संगठन की बैठक हुई। मौके पर कार्यकारी अभियंता अमित जैन ने दोनों उपमंडल अभियंताओं को कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए कहा तो दोनों एसडीओ द्वारा आनाकानी करने पर संगठन और अधिकारी की वार्तालाप टूट गई। समहित नहीं बनने से नाराज कर्मचारियों की मांगों का समाधान न होने के कारण विरोध-प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा। मंगलवार से आंदोलन को तेज किया जाएगा, जिसमें महेंद्रगढ़ शहर की जल व मल व्यवस्था को बंद करने के लिए संगठन को मजबूर होना पड़ सकता है, जिसकी जिम्मेवारी कार्यकारी अभियंता व तीनों उपमंडल अभियंताओं की होगी।