अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन और स्कीम वर्कर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में यादव धर्मशाला नारनौल में कृष्णा कुमारी की अध्यक्षता में सभा आयोजित की गई। सभा में महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करते हुए कई प्रस्ताव पारित किए गए। मुख्य वक्ता कामरेड ओमप्रकाश ने कहा कि 8 मार्च 1908 को न्यूयॉर्क की मेहनतकश महिलाओं ने समान मजदूरी, 8 घंटे काम और वोट के अधिकार के लिए संघर्ष कर इतिहास रचा था। उन्होंने कहा कि आज भी महिलाओं पर बढ़ते अपराध चिंता का विषय हैं और सरकारों को इसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। एआईयूटीयूसी जिला सचिव छाजूराम रावत ने कहा कि देश की बड़ी आबादी असुरक्षा के माहौल में जी रही है। वक्ताओं ने बलात्कार के मामलों में सख्त कार्रवाई, स्कीम वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने और न्यूनतम वेतन लागू करने की मांग भी उठाई। कार्यक्रम में कई सामाजिक कार्यकर्ता व महिलाएं मौजूद रहीं। इस अवसर पर कृष्णा कुमारी, कामरेड ओमप्रकाश, मास्टर सूबे सिंह, मधु देवी, सुमन, छाजूराम रावत, रेखा, सुंदर देवी, कविता, सरियां, बिमला, रेखा, मुकेश कुमार, डॉ. व्रतपाल सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।