महेंद्रगढ़ में पुलिस ने नियमों की अवहेलना करने पर 45 वाहन चालकों के चालान करते हुए करीब एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। वहीं एक स्कॉर्पियो गाड़ी का 32 हजार रुपये का चालान करते हुए उसे इंपाउंड कर जब्त कर लिया। यह कार्रवाई दुर्गा शक्ति टीम की इंचार्ज मीनाक्षी के नेतृत्व में वीरवार को राजकीय महाविद्यालय के पास जांच अभियान के दौरान की गई। पुलिस के अनुसार ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ी कॉलेज के सामने आती हुई दिखाई दी जिसे संदेह के आधार पर रोका गया। जांच के दौरान गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं पाई गई और वाहन के जरूरी कागजात भी पूरे नहीं थे। इसके अलावा गाड़ी पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी, जो नियमों का उल्लंघन है। इन सभी कारणों से पुलिस ने गाड़ी को इंपाउंड कर दिया और वाहन मालिक पर 32 हजार रुपये का चालान किया। इसी अभियान के तहत महेंद्रगढ़ पुलिस ने विभिन्न जगहों पर जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले 45 वाहनों के चालान काटे और करीब एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया।