मुख्यालय से आई नेशनल हैल्थ मिशन की महिला अधिकारी सहित दो सदस्यीय टीम ने वीरवार को नागरिक अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान टीम को गायनी ओपीडी में कई कमियां देखने को मिली और इसके बाद टीम ने चिकित्सा अधीक्षक को कमियों को दूर करवाने के निर्देश दिए। साथ ही रेफर की जाने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए एक अलग से रजिस्टर में उनका रिकॉर्ड रखने के बारे में निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर देखा जा सके। एनएचएम से आई डॉ. शालू गर्ग व डॉ. सुरेश भौंसले ने सबसे पहले नागरिक अस्पताल की पुरानी इमारत में स्थित गायनी ओपीडी का जायजा लिया। इस दौरान रास्ते में एक खिड़की की जाली व कांच टूटे हुए मिले। जिन्हें दुरूस्त करवाने के लिए डॉ. आशा को कहा गया। इसके बाद जब टीम ओपीडी में पहुंची तो टीम को नर्सिंग स्टूडेंट गर्भवती महिलाओं की बीपी व शुगर आदि की जांच करते पाए गए। इस पर डॉ. शालू ने नाराजगी व्यक्त करते हुए एमएस को सख्त हिदायत दी और कहा कि बीपी शुगर की जांच चिकित्सक से ही करवा एं।