संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल। जिला नगर योजनाकार नारनौल की टीम ने मंगलवार को अटेली के शहरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। बाईपास रोड अटेली मंडी के पास राजस्व संपदा मौजा उनिंदा में लगभग दो एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में तोड़फोड़ की गई। इस कार्रवाई में तीन डीपीसी, छह चहारदीवारी और दो मकान ध्वस्त किए गए। इसके साथ ही सभी रोड नेटवर्क भी उखाड़ दिए गए। यह पूरी कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट सतेंद्र कुमार सहायक नगर योजनाकार की अगुवाई में हुई। पुलिस बल की मौजूदगी और जिला प्रशासन की मदद से यह अभियान चलाया गया। जिला नगर योजनाकार मंदीप सिंह सिहाग ने लोगों से अपील की है। उन्होंने कहा कि नियंत्रित या शहरी क्षेत्र में बिना विभागीय अनुमति के कोई निर्माण न करें। कृषि भूमि को आवासीय या वाणिज्यिक उपयोग के लिए परिवर्तित करने से पहले लाइसेंस अनुमति लेना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।