संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल। सरकार के डिजिटल हरियाणा के विजन के अनुरूप जिले के सभी सरकारी विभाग अपने कामकाज ई-ऑफिस के माध्यम से संचालित करें। इसी प्रकार सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी अपनी छुट्टियां एचआरएमएस के माध्यम से ही स्वीकृत करवाएं। यह निर्देश उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बुधवार को लघु सचिवालय में सीएमजीजीए कार्यक्रम को लेकर हुई समीक्षा बैठक में दिए। डीसी ने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली कार्यों में और अधिक तेजी लाने के लिए अहम कड़ी है। इसके माध्यम से रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है। उपायुक्त ने ठोस कचरा प्रबंधन के लिए वार्ड समितियों के गठन, स्वास्थ्य विभाग के तहत आयुष्मान और चिरायु कार्ड वितरण में तेजी लाने, पेयजल योजनाओं जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने राजस्व विभाग के तहत डिजिटल क्रॉप सर्वे व भूमि स्वामित्व मानकीकरण जैसे कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने बैठक में मौजूद सभी जिला स्तरीय विभागाध्यक्षों और प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट, लंबित मामलों की स्थिति और कार्य में आने वाली बाधाओं का पूरा ब्योरा तैयार रखें ताकि मुख्यमंत्री की बैठक में जिले का पक्ष सटीक आंकड़ों के साथ मजबूती से प्रस्तुत किया जा सके। इस मौके पर एसडीएम नारनौल अनिरुद्ध यादव, सीईओ जिला परिषद निर्मल नागर, डीएमसी रणवीर सिंह, एसडीएम कनीना डॉ. जितेंद्र सिंह, एसडीएम नांगल चौधरी उदय सिंह तथा नगराधीश डॉ. मंगलसेन के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।